भोपाल 21 जून (आरएनएस)।शाहपुरा थाना क्षेत्र में किराए से रहने वाले छात्र ने सुसाइड कर लिया। वह भोपाल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। मृतक सौरभ सिंह पिता गणेश सिंह (28) मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला था और भोपाल के रोहित नगर फेस-2 में किराए से रहकर नौकरी करता था।
पुलिस के अनुसार सौरभ अपने दोस्त आदित्य के साथ कमरा शेयर करता था। आदित्य ने बताया कि सौरभ की बहन ने शनिवार रात कॉल कर बताया था कि भाई फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद जब वह कमरे पर पहुंचा तो सौरभ गमछे से बने फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने सौरभ का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
परिजनों और दोस्तों के अनुसार सौरभ ने कभी किसी परेशानी के बारे में नहीं बताया था। फरवरी में वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने ग्वालियर गया था, जिसके बाद से वह घर नहीं गया था।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सौरभ के मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की जांच कर मौत के कारणों का पता लगा रही है।

