भोपाल 21 जून (आरएनएस)। वर्धमान नगर स्थित दाता कॉलोनी में श्री महावीर जैन मंदिर परिसर में रविवार को श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत जिनालय से कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए।
प्रवक्ता अंशुल जैन के अनुसार कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर और हाथों में अष्ट द्रव्य लेकर भगवान की भक्ति में भजन गाते हुए सहभागिता की। पूरा क्षेत्र धार्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे मार्ग में जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
इस धार्मिक अनुष्ठान के पुण्यार्जक परिवार के रूप में मालती (स्व.) अनोखी लाल जैन कठनेरा परिवार ने प्रमुख भूमिका निभाई। कार्यक्रम में धर्म इंद्र सविता नवीन एवं दिगंबर दीक्षा चंदना द्वारा प्रमुख धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराई गईं।
कलश यात्रा के बाद देव आज्ञा, गुरु आज्ञा, मंडप शुद्धि, पात्र शुद्धि सहित विभिन्न विधि-विधानों के साथ विधान का शुभारंभ हुआ। यह आठ दिवसीय अनुष्ठान 28 जून को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।
0
(दमोह)युवती को भगाकर ले जा रहे थे, बस से भिड़ी कार==
दमोह 21 जून (आरएनएस)।दमोह-जबलपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में बॉयफ्रेंड, उसकी मां और मामा की मौत हो गई, जबकि गर्लफ्रेंड और ड्राइवर घायल हैं। युवक का परिवार युवती को कटनी से भगाकर सागर ले जा था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। हादसा जबेरा के पुरेनहाऊ गांव के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अखिलेश प्रजापति, उसकी मां सोना प्रजापति और मामा नत्थू प्रजापति के रूप में की गई है, जबकि रीना साहू और कार ड्राइवर राशिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक का परिवार सागर जिले के शाहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था।
पुलिस जांच में सामने आया कि कटनी निवासी 20 वर्षीय रीना साहू और सागर जिले के शाहगढ़ निवासी अखिलेश प्रजापति के बीच सोशल मीडिया के जरिए परिचय हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। यह रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार अखिलेश प्रजापति अपनी मां सोना प्रजापति और मामा नत्थू प्रजापति के साथ किराए की कार से कटनी पहुंचा था। योजना थी कि रीना को साथ लेकर वापस लौटेंगे और शादी करेंगे। रीना उनके साथ कार में बैठ गई। कार में शादी की एक चुनरी भी रखी हुई थी। दोनों शादी के इरादे से निकले थे।लड़की को साथ लेकर लौटते समय कार काफी तेज रफ्तार से चल रही थी।
पुलिस का मानना है कि पकड़े जाने का डर या जल्दी पहुंचने की हड़बड़ी के कारण ड्राइवर ने रफ्तार कम नहीं की। दमोह-जबलपुर हाईवे पर जबेरा थाना क्षेत्र के पुरेनहाऊ गांव के पास सामने से आ रही एक बस से कार की सीधी भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में बैठे अखिलेश प्रजापति, उसकी मां सोना प्रजापति और मामा नत्थू प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रीना साहू और कार चालक राशिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और लड़की के परिजनों से संपर्क किया। देर रात जब रीना के परिजन जबेरा पहुंचे तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। परिजन और पुलिस जांच से पता चला कि रीना अपनी मर्जी से घर से निकली थी और अखिलेश के साथ शादी करने जा रही थी।
दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया जांच में पता चला कि लड़की के लापता होने या अपहरण की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। रीना बालिग है और अपनी इच्छा से अखिलेश के साथ गई थी। रीना का इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।

