दमोह।(आरएनएस)।रविवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच नीट परीक्षा आयोजित की गई। शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 1147 छात्रों को परीक्षा देनी थी, जिसमें से 109 छात्र अनुपस्थित रहे। छात्रों ने सरकार से इस बार पेपर लीक न होने की मांग की है, ताकि उनकी मेहनत बेकार न जाए।
सुबह करीब 11:30 बजे से एक्सीलेंस स्कूल, पीजी कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय में परीक्षार्थियों का आगमन शुरू हो गया था। मुख्य गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सभी छात्रों की गहन जांच की। इस दौरान छात्रों के हाथों से कलावा और छात्राओं के बालों से हेयर बैंड निकलवाए गए। चश्मा लगाए परीक्षार्थियों की भी बारीकी से जांच की गई।
तीन स्तरीय सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों के अंदर प्रवेश दिया गया। तीनों परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसके अतिरिक्त, भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
छात्रों के अभिभावकों के लिए धूप से बचाव के लिए टेंट और पानी की व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें सुविधा मिल सके।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि परीक्षा पर लगातार नजर बनाए रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह केंद्र पर 480 में से 438, केंद्रीय विद्यालय में 475 में से 428 तथा पीजी कॉलेज दमोह केंद्र पर 192 में से 172 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

