उज्जैन 21 जून (आरएनएस)।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह उज्जैन के राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम (दशहरा मैदान) में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उधर, महाकाल मंदिर परिसर में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके बाद योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, योगाचार्य, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। बारिश और खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को सफल बनाया।
महाकाल की नगरी उज्जैन में योग और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। लोगों ने उत्साह के साथ योग करते हुए स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा विभाग के अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।
उज्जैन की भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक चिंतक एवं योग गुरु कृष्णा गुरुजी के सानिध्य में योग सत्र का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में लगभग 1000 पुरुष एवं महिला बंदियों ने भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

