छतरपुर 21 जून (आरएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (हृश्वश्वञ्ज-त्र 2026) रविवार को जिले के सभी पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही और पूरे समय निगरानी बनाए रखी गई।
परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय नौगांव, शासकीय सांदीपनि विद्यालय छतरपुर, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय छतरपुर का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी परीक्षा की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।
सभी केंद्रों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रभारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संचालित हों।
उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अभ्यर्थियों को समय पर प्रवेश दिलाने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रही और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हुई। पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

