०1157 ग्राम चांदी बरामद, अंधे कत्ल और लूटकांड में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
पेंड्रा,22 जून (आरएनएस) । कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या किए जाने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। लूटे गए चांदी के आभूषण खरीदने वाले आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1157 ग्राम चांदी बरामद की गई है।इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से लूटपाट कर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना पेंड्रा में हत्या, लूट एवं आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मनीष मंडल ने लूटे गए चांदी के आभूषण झारखंड के मोहनपुर निवासी विजय पोद्दार को बेच दिए थे। प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम बिहार और झारखंड रवाना हुई, जहां से विजय पोद्दार को गिरफ्तार किया गया।आरोपी के कब्जे से 957 ग्राम पिघली हुई चांदी तथा 194 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की पायल सहित कुल 1157 ग्राम चांदी बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार इस जघन्य हत्याकांड और लूटकांड में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों के अपराधी शामिल हैं, जिनमें कई के खिलाफ पूर्व से लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

