बीजापुर, 22 जून (आरएनएस)। खेती-किसानी के सीजन में डीजल की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को बीजापुर में किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया। विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर सरकार से तत्काल पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।
रैली नैमेड स्थित नए बस स्टैंड से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंची। सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसानों ने विभिन्न डीजल पंपों के सामने प्रदर्शन करते हुए डीजल संकट के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में यह रैली सभा और धरना प्रदर्शन में बदल गई।
डीजल नहीं मिलने से खेती प्रभावित
किसानों ने बताया कि जिले के पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी के कारण उन्हें पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। इससे खरीफ सीजन की तैयारी, खेतों की जुताई और बुआई का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों का कहना है कि ट्रैक्टर खरीदने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लिया है, लेकिन डीजल की अनुपलब्धता के कारण खेती का काम बाधित हो रहा है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर डीजल की आपूर्ति प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर इसकी कीमतों में लगातार वृद्धि से उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।
सरकार को चेतावनी
सभा को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि मानसून के आगमन के साथ किसानों को खेती की तैयारियां शुरू करनी हैं, लेकिन उन्हें डीजल के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों को बिना किसी बाधा के पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद किसानों और विधायक ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखीं। प्रमुख मांगों में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराना, किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल देना, आवश्यकता अनुसार ड्रमों में डीजल उपलब्ध कराना तथा कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा और मद्देड क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलना शामिल है।
इसके अलावा किसानों ने खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की, ताकि खरीफ सीजन की तैयारियों में कोई बाधा न आए।
रैली और प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

