रायगढ़, 23 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 74 लीटर अवैध शराब और दो दुपहिया वाहन जब्त किए हैं। थाना तमनार, चक्रधरनगर और चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
तमनार में दो स्थानों पर रेड, 35 लीटर महुआ शराब जब्त
थाना तमनार पुलिस ने ग्राम मिलूपारा के सीतापुर बस्ती में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 35 लीटर हाथ भ_ी निर्मित महुआ शराब बरामद की।
पहली कार्रवाई में संजय भगत के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब और बिक्री की नकदी जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में दिलीप खलखो के घर से 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
चक्रधरनगर में महिला गिरफ्तार
थाना चक्रधरनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
खरसिया में वाहन सहित शराब जब्त
चौकी खरसिया पुलिस ने बैक-टू-बैक कार्रवाई में 19 लीटर से अधिक अवैध शराब और दो दुपहिया वाहन जब्त किए। एक आरोपी स्कूटी में बीयर, अंग्रेजी और देशी शराब की तस्करी करते पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने फर्जी नाम बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया।
नशामुक्त समाज के लिए अभियान जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

