पुणे,23 जून(आरएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे में लोहागढ़ किले से गिरकर जिस 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत हुई थी, उसकी जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि पहले घटना को आकस्मिक कारण माना जा रहा था, लेकिन अब प्रारंभिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि केतन की हत्या की गई है, जिसमें उसकी मंगेतर और उसका कथित प्रेमी शामिल है। पुलिस अब मंगेतर समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने जा रही है।
केतन परिवार के रियल एस्टेट बिजनेस में निदेशक थे। उनकी नवंबर 2026 में सिया गोयल से शादी होने वाली थी। उससे पहले केतन अपने दोस्तों के साथ मंगेतर सिया का जन्मदिन मनाने लोहागढ़ किले गए थे। यहां 19 जून को सुबह वे ट्रेकिंग करने निकले थे। तभी केतन संतुलन खो बैठे और 400 फीट गहरी खाई में गिर गए। उनके सिर में चोट लगी और मौके पर मौत हो गई। उनको खाई से ऊपर लाने में 3 घंटे लगे थे।
सूत्रों ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि पहले यह घटना सामान्य लग रही थी, लेकिन अब इसमें नया एंगल निकलकर आया है। बताया जा रहा है कि सिया गोयल का कथित तौर पर चेतन चौधरी नाम के व्यक्ति के साथ संबंध था। सिया के परिवार ने केतन से उसकी शादी तय की थी, जिसके वह खिलाफ थी। पुलिस का मानना है कि जबरन शादी के कारण सिया ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि केतन और सिया 31 मई को भी किले की सैर की थी। तभी सिया ने केतन की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद सिया और उसके प्रेमी ने हत्या को अंजाम देने के कई प्रयास किए। वे 14 जून को केतन को लोहागढ़ ले गए और सांप के हमले का डर दिखाकर उसे घाटी में धकेलने की कोशिश की थी। तब केतन बच गया था और उसे शक भी नहीं हुआ था।
इसके बाद, सिया ने एक बार फिर 19 जून को किले की सैर की योजना बनाई और चेतन को बुलाया। पुलिस का दावा है कि इस बार उनकी कोशिश कामयाब रही और केतन को नीचे धकेल दिया। केतन के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि शादी से पहले दोनों बाली जाने वाले थे और पूरी तैयारी हो चुकी थी। तभी सिया ने यात्रा के दौरान पासपोर्ट खोने की बात बताई, जिससे यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।
पहले केतन सिया का जन्मदिन मनाने महाबलेश्वर जाने वाला था और लग्जरी रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक किए थे, लेकिन योजना रद्द कर दी गई। पुलिस ने बताया कि जब सिया से पूछताछ की गई तो उसने कई बातें छिपाई, जिससे पुलिस का शक बढ़ा। इसके बाद मोबाइल फोन रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी जांच की गई। खुलासे से केतन के परिवार को बड़ा धक्का लगा है। वे केतन-सिया की शादी उदयपुर में एक महल में कराने वाले थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

