रांची 23 जून (आरएनएस)। एमएसएमई दिवस के अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के रांची कार्यालय ने विशेष एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय कार्यालय, मुंबई की महाप्रबंधक डॉ. शैलजा सिंह ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और निर्यात में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि आरबीआई के नए दिशानिर्देशों के तहत सूक्ष्म एवं लघु इकाइयों को 25 लाख रुपये तक के ऋण के लिए बैंकों को 14 कार्य दिवस के भीतर निर्णय लेना होगा। कार्यक्रम में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान झारखंड में एमएसएमई क्षेत्र को दिया गया बकाया ऋण 31 मार्च 2026 तक बढ़कर 51,020 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शिविर में उद्यमिता विकास, वित्तीय जागरूकता और ऋण सुविधाओं पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर नाबार्ड, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, विभिन्न बैंकों के अधिकारियों और उद्यमियों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जबकि कई उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

