नईदिल्ली,23 जून(आरएनएस)। कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि सरकार अल नीनो के कारण मानसून के संभावित दुष्प्रभाव से निपटने में किसानों की मदद के लिए अग्रिम तैयारियां कर रही है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में चौहान ने कहा कि देश में अब तक लगभग 43 प्रतिशत कम वर्षा हुई है और जुलाई में भी मानसून के कमजोर रहने की आशंका है। उन्होंने बताया कि लगभग 315 जिले सामान्य से कम वर्षा से प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें 111 उच्च प्राथमिकता वाले जिले शामिल हैं जहां सिंचाई की व्यवस्था बहुत सीमित है।
चौहान ने कहा कि राज्यों को दलहन, मोटे अनाज और तिलहन जैसी फसलों को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। इस फसलों को कम पानी की आवश्यकता होती है और जो कठिन परिस्थितियों में भी अच्छी पैदावार दे सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को समय पर मार्गदर्शन सुनिश्चित करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि मौसम विज्ञान इकाइयों और एसएमएस, व्हाट्सएप, कॉल सेंटर, रेडियो, टेलीविजन और सोशल मीडिया जैसे अन्य परामर्श माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
चौहान ने कहा कि पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, फसल बीमा के व्यापक कवरेज और किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के शीघ्र वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन कदमों से अपर्याप्त वर्षा के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

