बस्तर/जगदलपुर 24 जून 2026/ सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने वाले शातिर गिरोह का बस्तर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना लोहण्डीगुड़ा और थाना परपा क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 लाख 19 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, गलाए गए सोने-चांदी के डले, 5 हजार रुपए नगद और एक बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब तारागांव निवासी भगवती सरकार और उनके पति सदानंद सरकार (32 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 जून 2026 की रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए। मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तारागांव खासपारा निवासी रूद्रांचल ठाकुर (29 वर्ष), पिता स्व. विजेन्द्र ठाकुर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में रूद्रांचल ठाकुर ने अपने साथियों कृष्णा सेट्ठी (29 वर्ष), पिता कोलंची सेट्ठी, निवासी वार्ड क्रमांक-12 शिव मंदिर के पास, गीदम जिला दंतेवाड़ा तथा अविनाश स्वामी (26 वर्ष), पिता ए. कुमार, निवासी बस स्टैंड वार्ड क्रमांक-05 भट्ठीपारा, दंतेवाड़ा के साथ मिलकर थाना लोहण्डीगुड़ा के तारागांव और थाना परपा के धरमाउर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरों को आरोपियों ने अपने परिचित अजय व्यापारी, निवासी हाउरनार हाई स्कूल मैदान के पास, गीदम जिला दंतेवाड़ा के माध्यम से संतोष सोनी (43 वर्ष), पिता स्व. भास्कर सोनी, निवासी मिनीमाता वार्ड क्रमांक-06, पीडब्ल्यू पारा गीदम जिला दंतेवाड़ा को बेच दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि बेगा, थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक, उप निरीक्षक अमित सिदार, प्रधान आरक्षक अमीर सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि रेकी से लेकर चोरी और जेवर खपाने तक की पूरी साजिश आखिरकार धराशायी हो गई, और शातिर गैंग सलाखों के पीछे पहुंच गया।

