मुंबई,24 जून(आरएनएस)। महाराष्ट्र में मानसून का आगमन हो गया है। मंगलवार रात को मुंबई में रात भर हुई बारिश ने इसका अहसास कराया। इससे जगह-जगह जलभराव हो गया। मुंबई के कई हिस्सों में जोरदार बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार तड़के रेड अलर्ट जारी किया है। हालांकि, यह मुंबई और पालघर के लिए है। मौसम विभाग ने बहुत तेज बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को 13 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा है। इसके आगमन की तारीख 10 जून के आसपास तय थी, लेकिन यह मंगलवार को पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे के लिए रेड अलर्ट के साथ ठाणे, रायगढ़, सिंधुदुर्ग में मध्यम से तीव्र बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शहर में मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे के बीच 24 घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश हुई है।
मुंबई के माटुंगा इलाके में किंग्स सर्कल से सामने जलभराव हुआ है। दादर के हिंदू कॉलोनी के रिहायशी इलाकों पानी भर गया। विक्रोली पश्चिम में मंगलवार रात एक आवासीय इमारत के बगल में एक दीवार भी गिर गई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। साथ ही, सेंट्रल और वेस्टर्न उपनगरीय रेलवे लाइनें मिलाने वाला दादर स्टेशन जलमग्न है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख सबवे, बसे और उपनगरीय नेटवर्क पर रेल सेवाएं सामान्य हैं।
आईएमडी के मुताबिक, इससे पहले मुंबई में 2023 में भी मानसून देरी से आया था। तब 25 जून को पहली बार बारिश हुई थी। पुराना रिकॉर्ड देखें तो 1974 और 1958 में सबसे लंबी देरी दर्ज की गई, तब मानसून 28 जून को आया था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

