कबीरधाम, 24 जून (आरएनएस)। जिले में जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनका शहर में जुलूस भी निकाला, जिससे कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मरावी अपने क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान वाहन ओवरटेक करने की बात को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने आगे जाकर उनका वाहन रोक लिया और राजकुमार मरावी व उनके चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। साथ ही शहर में उनका जुलूस निकालकर आम लोगों के बीच कानून का संदेश भी दिया गया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

