रायपुर, 24 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में सस्ते दाम में सोना खरीदने के लालच में एक कारोबारी 10 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गया। आरोपियों ने खुदाई में मिला दो किलो वजनी सोने का हार बताकर कारोबारी को अपने झांसे में लिया और नकली हार थमाकर फरार हो गए। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, भिलाई के गुरुनानक नगर निवासी धवल बडोदरिया सैनेटरी व्यवसाय करते हैं। उनकी मुलाकात उनके दोस्त नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने धवल को बताया कि उसे खुदाई के दौरान पीतल के एक लोटे में करीब दो किलो वजनी सोने का हार मिला है।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने हार का एक छोटा टुकड़ा धवल और उनके मित्र को जांच के लिए दिया, जो जांच में असली सोना निकला। इसके बाद 22 जून को रायपुरा चौक के पास हुई मुलाकात में आरोपियों ने हार का एक और टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो भी असली पाया गया। इससे कारोबारी का भरोसा पूरी तरह जीत लिया गया।
23 जून को दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हुआ। रायपुरा क्षेत्र में कार के भीतर ही धवल ने आरोपियों को 10 लाख रुपये नकद दिए, जिसके बदले उन्हें कथित दो किलो वजनी सोने का हार सौंप दिया गया। सौदा होने के बाद आरोपी मां-बेटे डीडी नगर थाना क्षेत्र के पास उतरकर ई-रिक्शा से फरार हो गए।
हार खरीदने के बाद धवल ने उसकी विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में जांच कराई। कुछ दुकानदारों ने हार को असली बताया, जबकि कुछ ने संदेह जताया। इसके बाद जब भिलाई के एक परिचित ज्वेलर से हार की जांच कराई गई तो वह नकली निकला। ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने तत्काल डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

