गुरदासपुर,24 जून(आरएनएस)। पंजाब में गुरदासपुर के गांव मुंडी कराल में जमीनी विवाद ट्रिपल मर्डर तक पहुंच गया। इतना नहीं आरोपी ने खुद को गोली मारकर अपनी जिंदगी भी खत्म कर ली। एक युवक ने कथित रूप से पहले अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई पर फायरिंग कर उन दोनों जान ले ली, फिर समझाने का प्रयास कर रहे अपने बचपन के दोस्त को भी गोली मार दी। इस ट्रिपल मर्डर के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और खुद को भी गोली मार ली। गुरदासपुर की इस सनसनीखेज वारदात में कुल 4 लोगों की जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी का अपने सगे चाचा की फैमिली के साथ लंबे वक्त से जमीन को लेकर विवाद जारी था। इसी के चलते वह कथित रूप से अपने चाचा के घर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद अपनी चाची व नाबालिग चचेरे भाई पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना में चाची और उसके नाबालिग बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के बाद जब आरोपी अपनी चाची के घर से निकल रहा था, तभी रास्ते में उसके बचपन का दोस्त मिल गया। उसने आरोपी को शांत करने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसको भी गोली मार दी। इससे उसके दोस्त की भी मौत हो गई।
तीन लोगों को जान से मारने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और किचन में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में गंभीर तौर पर घायल होने के बाद उसकी भी जान चली गई। वारदात की सूचना मिलते ही गुरदासपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर पड़ताल शुरू कर दी। इस घटना में हरदीप कौर, नाबालिग हरअमृत सिंह, मनजोत सिंह और परगट सिंह की मौत हुई है।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के लिए सभी शवों को बटाला सिविल अस्पताल भेजा गया है। इस केस की जांच गुरदासपुर पुलिस, डीएसपी सिटी की निगरानी में कर रही है। पुलिस अब यह मालूम करने में जुटी हुई है कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। इसके अलावा, आरोपी की मंशा, जमीनी विवाद का असली कारण और क्या वह किसी और को भी टारगेट बनाना चाहता था, जैसे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। गुरदासपुर पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद पूरे केस का सच सामने आ जाएगा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

