० 33 हजार से अधिक परिवारों का हुआ सत्यापन
० रामाराम में हितग्राहियों को दिया गया आयुष्मान कार्ड
सुकमा, 24 जून (आरएनएस)। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत संचालित आवास प्लस 2.0 सर्वे को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में सभी ग्राम पंचायतों में गुरुवार को ग्राम सभाओं का सफल आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में सर्वे के दौरान चिन्हित पात्र एवं आवासविहीन परिवारों की सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्राम सभा के माध्यम से उसका अंतिम अनुमोदन किया गया। इस व्यापक प्रक्रिया के तहत जिलेभर में 33 हजार 624 परिवारों के सत्यापन का कार्य संपादित हुआ, जो प्रशासन की योजनाओं के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ग्राम सभाओं में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। जिला प्रशासन द्वारा अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों को सूची का अवलोकन करने, सुझाव देने तथा आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया गया, जिससे वास्तविक और पात्र आवासविहीन परिवारों की निष्पक्ष पहचान सुनिश्चित हो सकी। यह पहल प्रशासन द्वारा जनभागीदारी आधारित सुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप निर्धारित तिथि पर सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, सचिवों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्राम पंचायत रामाराम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क एवं कैशलेस उपचार का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन ने सभी सहभागी जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु इसी प्रकार सहयोग और सहभागिता बनाए रखने की अपील की है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

