अनूपपुर 24 जून (आरएनएस)। एकल मान्यता प्राप्त रेल संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर मंडल की वर्ष 2026 की द्वितीय नॉन पेमेंट मीटिंग 23 जून को कार्मिक विभाग, बिलासपुर के बैडक हॉल में संपन्न हुई। बैठक वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमन मिश्रा के निर्देशानुसार मंडल कार्मिक अधिकारी यू.एस. राव की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गुहा, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सुमित्रा पाल तथा कार्मिक विभाग से संबंधित बिल क्लर्क उपस्थित रहे। बैठक की व्यवस्थाएं पीएनएम सेल के कार्यालय अधीक्षक रमना मूर्ति द्वारा की गईं।
रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री के नेतृत्व में संगठन की ओर से जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री शुभम उपाध्याय, डीओबी शाखा सचिव राना नंदी एवं सहायक सचिव (रनिंग) इरफान खान ने भाग लिया। संगठन द्वारा पूर्व निर्धारित लिखित एजेंडे के आधार पर बिलासपुर मंडल के रेल कर्मचारियों की वेतन एवं भत्तों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में निर्णय लिए गए। ब्रजराजनगर के जितेंद्र कुमार एवं बैकुंठपुर के अरविंद कुमार के गेट अलाउंस जारी करने के आदेश दिए गए। विश्रामपुर के हियाहरन सिंह के ओवर पेमेंट प्रकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। रायगढ़ के जुगताराम यादव को रिस्क अलाउंस दिए जाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा अनूपपुर के आयुष, रविकांत राय, रंजीत कुमार, अमित कुमार तथा राजेंद्र राठौर की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। अकलतरा के ट्रैक मेंटेनरों को ओवरटाइम (ओटी) भुगतान किए जाने तथा उमरिया के अतुल कुमार गुप्ता के अवकाश नगदीकरण (लीव एनकैशमेंट) प्रकरण पर भी चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं रेलवे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा उनके हितों की रक्षा के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। रेलवे मजदूर कांग्रेस ने बैठक को कर्मचारियों के हित में सकारात्मक एवं सार्थक बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

