रायपुर, 25 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
० देवपुरी की हार्डवेयर दुकान में सेंध, 80 हजार का सामान चोरी
खमतराई क्षेत्र के देवपुरी स्थित कृष्णा हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अज्ञात चोरों ने दुकान की टीन और पीओपी तोड़कर प्रवेश किया। शिकायतकर्ता राहुल टुडी ने बताया कि 22 जून की रात से 23 जून की सुबह के बीच चोर ग्राइंडर, कटर मशीन, वायर ब्रश मशीन समेत अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
० सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और नकदी ले उड़े चोर
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी स्थित अमृत होम ई-ब्लॉक में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। शिकायतकर्ता बिसंभर महानंद के अनुसार 23 जून को दोपहर के दौरान अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 85 हजार रुपये आंकी गई है।
० यशोदानंदन प्लांट से 1.90 लाख का पीतल गन मेटल चोरी
उरला थाना क्षेत्र के अछोली स्थित यशोदानंदन प्लांट में भी चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। शिकायतकर्ता पप्पू वर्मा के अनुसार 23 जून की रात अज्ञात आरोपी कंपनी परिसर में घुसकर 1.90 लाख रुपये मूल्य का पीतल का गन मेटल चोरी कर फरार हो गया।
० पुलिस जांच में जुटी
तीनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता का माहौल है।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

