सिरसा 25 जून (आरएनएस)। जिला सिरसा में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत मिसिंग सेल पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 15 वर्षीय गुमशुदा बालक कमल पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव जोधपुरिया को महज 72 घंटे में राजस्थान क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें उनके परिवारों से मिलाने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस द्वारा विशेष रूप से मिसिंग सेल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि गांव जोधपुरिया निवासी रमेश कुमार ने थाना रानियां में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका पुत्र कमल 16 जून 2026 की शाम करीब चार बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया था। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर थाना रानियां में 22 जून को मामला दर्ज कर जांच मिसिंग सेल को सौंपी गई। जांच के दौरान मिसिंग सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर साधुराम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए राजस्थान के टिब्बी, मेहरवाला और तलवाड़ा झील क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीम ने अथक मेहनत के बाद बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया और उसके परिजनों को सौंप दिया। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि “ऑपरेशन मुस्कान” का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाना है। उन्होंने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में गुमशुदा, मूक-बधिर, मानसिक रूप से अस्वस्थ या परिवार से बिछड़ा कोई बच्चा, महिला अथवा व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें। साथ ही खोया-पाया पोर्टल एवं एप पर फोटो व विवरण अपलोड कर ऐसे लोगों को उनके परिवारों से मिलाने में सहयोग करें ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

