लखनऊ 25 जून (आरएनएस ) भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने युवाओं और इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार से जोडऩे के उद्देश्य से एक विशेष योजना शुरू की है। योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर उद्यमियों को इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने का अवसर दिया जा रहा है। बीएसएनएल का दावा है कि सीमित निवेश के साथ इस योजना से जुड़कर युवा प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकते हैं।बीएसएनएल लखनऊ व्यापार क्षेत्र द्वारा जारी जानकारी के अनुसार योजना के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और इच्छुक व्यक्ति अभी भी आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य इंटरनेट सेवाओं का विस्तार करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।अधिकारियों के अनुसार लखनऊ व्यापार क्षेत्र में अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में नौ से अधिक तथा शहरी क्षेत्रों में लगभग 30 लोगों ने योजना के तहत पंजीकरण कराया है और सेवा विस्तार की दिशा में कार्य शुरू किया है।योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को कुल प्राप्त आय का 50 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा। इसके लिए चयनित उद्यमियों को अपने स्तर पर प्रकाशीय रेशा केबल नेटवर्क की व्यवस्था स्थापित करनी होगी तथा उसके माध्यम से उपभोक्ताओं को ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध करानी होगी।बीएसएनएल ने स्पष्ट किया है कि योजना से जुडऩे वाले युवाओं को तकनीकी कार्यों के लिए पूर्ण प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान नेटवर्क स्थापना, उपभोक्ता जोडऩे, सेवा संचालन और तकनीकी रखरखाव संबंधी जानकारी दी जाएगी, जिससे उद्यमी स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें।अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ जनपद में वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 2,500 तथा शहरी क्षेत्रों में 12,500 ब्रॉडबैंड कनेक्शन संचालित हैं। आने वाले समय में दो लाख उपभोक्ताओं को जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।बीएसएनएल के अनुसार योजना में प्रारंभिक तौर पर लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये का निवेश करना होगा। यदि कोई उद्यमी 40 से 50 कनेक्शन उपलब्ध कराने में सफल रहता है तो उसे प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये तक की नियमित आय प्राप्त हो सकती है।बीएसएनएल अधिकारियों का मानना है कि यह योजना विशेष रूप से उन युवाओं के लिए लाभकारी साबित हो सकती है जो स्वरोजगार की तलाश में हैं और दूरसंचार तथा इंटरनेट सेवाओं के क्षेत्र में अपना उद्यम स्थापित करना चाहते हैं। योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं का विस्तार होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति बीएसएनएल लखनऊ व्यापार क्षेत्र के दूरभाष क्रमांक 9434053427 तथा 9455004700 पर संपर्क कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

