०आवास प्लस 2.0 सर्वे के हितग्राहियों की पात्रता का हुआ वाचन और चयन
कोण्डागाँव,25 जून (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन में 24 जून 2026 को कोण्डागाँव जिले के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा संपन्न हुई। इस विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य ‘आवास प्लस 2.0Ó सर्वे के अंतर्गत शामिल किए गए ग्रामीण परिवारों की पात्रता और अपात्रता का निर्धारण करना था। अत्यंत पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए पूरी सतर्कता के साथ योग्य परिवारों का चयन किया गया। इस महा-अभियान के तहत जिले भर के पंजीकृत हितग्राहियों के नामों की सूची को ग्राम सभाओं में ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। ग्राम सभा में उपस्थित स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में एक-एक नाम पर विस्तृत चर्चा की गई। शासन के निर्धारित गाइडलाइंस और कड़े मापदंडों के आधार पर मौके पर ही पात्र और अपात्र परिवारों का वर्गीकरण और अंतिम चयन सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को पूर्णत: निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था। ग्राम सभाओं में प्राप्त दावों और आपत्तियों का मौके पर ही निपटारा किया गया, ताकि कोई भी गरीब और जरूरतमंद परिवार पक्के मकान के अधिकार से वंचित न रह सके और किसी भी अपात्र व्यक्ति को इसका गलत लाभ न मिले।जिले की ग्राम पंचायतों में कल सुबह से ही ग्रामीणों का भारी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों ने ग्राम सभा में हिस्सा लिया। इस चयन प्रक्रिया के पूरे होने से अब जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ‘आवास प्लस 2.0Ó के नए हितग्राहियों को जल्द ही पक्का मकान मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जिला पंचायत सीईओ ने इस सफल आयोजन के लिए सभी मैदानी अधिकारियों, सरपंच-सचिवों और जागरूक ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

