काराकस,26 जून। वेनेजुएला में गुरुवार तड़के आए 2 विनाशकारी भूकंप की चपेट में आकर मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। वेनेजुएला के स्वास्थ्य मंत्री अल्वाराडो ने राज्य टेलीविजन को दिए साक्षात्कार में बताया कि दुर्भाग्य से अभी तक लगभग 235 मृतकों के शव मिल चुके हैं, जबकि 4,500 से अधिक लोग घायल हैं। उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
सूत्रों ने अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) के अनुमानों से बताया कि भूकंप से 7.5 अरब डॉलर (करीब 70,950 करोड़ रुपये) से अधिक या वेनेजुएला के सकल घरेलू उत्पाद के 7 प्रतिशत तक का आर्थिक नुकसान हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला के विशाल तेल और गैस के बुनियादी ढांचे को भूकंप से ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, बिजली आपूर्ति ठप होने से रोजाना करीब 12 लाख बैरल कच्चे तेल का उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।
संयुक्त राष्ट्र की बच्चों की एजेंसी, यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि वेनेजुएला में आए दोहरे भूकंप के बाद लाखों बच्चे खतरे में हैं। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 39 लाख बच्चे रहते हैं और कई परिवारों को तत्काल मानवीय सहायता की आवश्यकता है। यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने कहा कि वेनेजुएला की तस्वीरें और जमीन पर मौजूद सहयोगियों से जो कहानियां सुन रहे हैं, वे दिल दहला देने वाली हैं।
एलन मस्क की स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट इकाई स्टारलिंक ने कहा कि दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए 2 भूकंपों के बाद वह वहां अपने उपयोगकर्ताओं को एक महीने तक मुफ्त सेवाएं प्रदान करेगी। स्टारलिंक ने एक्स पर कहा कि कंपनी स्टारलिंक टर्मिनलों को तेजी से तैनात करने और सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए भी काम कर रही है। अमेरिका समेत कई देशों ने वेनेजुएला में विशेष बचाव दल भेजा है।
वेनेजुएला में गुरुवार तड़के 2 भूकंप आए, जिसमें पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 थी, जिसका केंद्र राजधानी कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में था। इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का एक और भूकंप आया, जिसका केंद्र मोरोन शहर के दक्षिण-पश्चिम में था। इसके बाद भी 30 झटके लगे थे। यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप में कम से कम 10,000 लोगों के मारे जाने की आशंका है। इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। देश में आपातकाल घोषित है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

