0 अभियोजन अधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषसिद्धि बढ़ाने के दिए निर्देश
अंबिकापुर, 26 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले में लंबित दोषमुक्ति (एक्विटल) के मामलों की समीक्षा और दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने जिला अभियोजन अधिकारियों और लोक अभियोजकों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में पुराने लंबित मामलों की प्रगति, दोषमुक्ति के कारणों और उन्हें दूर करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने जिला अभियोजन अधिकारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारियों और लोक अभियोजकों से लंबित सेशन ट्रायल प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित मामलों की शीघ्र समीक्षा कर रिपोर्ट जिला अभियोजन कार्यालय में प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन कारणों पर विशेष चर्चा हुई, जिनकी वजह से पूर्व में कई मामलों में आरोपियों को दोषमुक्ति मिली। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जांच और अभियोजन के दौरान सामने आने वाली कमियों एवं त्रुटियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि न्यायालय में विचारण के दौरान आरोपियों को इन कमियों का लाभ न मिल सके और दोषसिद्धि के मामलों में वृद्धि हो। डीआईजी-एसएसपी ने पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है।
बैठक में उप संचालक अभियोजन राजेश खलखो, जिला अभियोजन अधिकारी चंद्र प्रकाश केशरी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अल्बर्ट टोप्पो, नटराज पाण्डेय, लोक अभियोजक गौरांगो सिंह, नरेन्द्र पाण्डेय, विवेक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

