रायगढ़, 26 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस के अभियान ‘संवेदना के तहत महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय पीडि़ता ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लेने के दौरान उसकी पहचान कंपनी में फाइनेंसर के रूप में कार्यरत हितेश कुमार केवट से हुई थी। लोन संबंधी कार्य के चलते आरोपी का पीडि़ता के घर आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़ता ने बताया कि अप्रैल 2026 में उसे जानकारी मिली कि आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है। इस पर वह आरोपी के घर पहुंची, जहां हितेश ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में गठित टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हितेश कुमार केवट (26 वर्ष) निवासी ग्राम कांसा, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे एवं महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

