अंबिकापुर, 26 जून (आरएनएस)। शहर में व्यापारिक संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स, ज्वेलर्स एवं अन्य प्रमुख व्यापारिक संस्थानों के संचालकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और आवश्यक सुरक्षा उपायों पर आम सहमति बनी।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, ज्वेलर्स और चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की टाइमिंग सही रखने और अधिक समय तक फुटेज स्टोर करने पर जोर दिया गया। साथ ही शहर के चौक-चौराहों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पहले से लगे कैमरों के रखरखाव पर भी चर्चा हुई।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सलाह दी कि हेलमेट, मास्क या चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों पर विशेष नजर रखें। इसके अलावा बड़ी रकम अथवा सोने-चांदी के लेन-देन और परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी दुकानों एवं संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने, निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड के संपर्क नंबर उपलब्ध रखने तथा कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने पर भी सहमति बनी।
सरगुजा पुलिस ने व्यापारियों से नगर की सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, जिस पर व्यापारियों ने भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

