बिलासपुर, 26 जून (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुद्भलिस ने जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम एवं रैलियों का आयोजन किया गया।
भारत सरकार द्वारा 17 जून से 26 जून तक मनाए जा रहे नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत बिलासपुर पुलिस ने चेतना अभियान के अंतर्गत विभिन्न चरणों में जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए। अभियान के अंतिम दिन शुक्रवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में थाना प्रभारियों के साथ सहभागिता करते हुए आम नागरिकों को नशा छोडऩे और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं, बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल कर नशे से दूर रहने की अपील की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक देवेश सिंह, निरीक्षक रवींद्र अनंत, निरीक्षक नीलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशे से दूर रखें तथा नशा मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम और रैलियों का आयोजन किया गया।
००

