गरियाबंद, 26 जून (आरएनएस)। फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2008 से फरार एक स्थायी वारंटी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 18 वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी नौशाद अली पिता मुर्तुजा अली नागपुर में छिपा हुआ है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गरियाबंद के अलावा दुर्ग और राजनांदगांव जिलों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से इन जिलों में लंबित मामलों के खुलासे और जांच में भी मदद मिलने की संभावना है।
गरियाबंद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। करीब 18 साल से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के मजबूत सूचना तंत्र और सतत प्रयासों का परिणाम है।
पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

