महासमुंद, 26 जून (आरएनएस)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल समेत कुल 30 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक कार में अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मारुति सुजुकी कार क्रमांक ॥क्र 55 ्र 8890 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही कार में सवार एक व्यक्ति वाहन से उतरकर जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम आलोक कुमार चौहान (32 वर्ष) निवासी जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश बताया। वहीं फरार आरोपी की पहचान संजीव कुमार, निवासी पश्चिम सागरपुर, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट में रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से 51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 25 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 30 लाख 60 हजार रुपये है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा को भुवनेश्वर (ओडिशा) से कानपुर (उत्तर प्रदेश) ले जाकर बेचने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में गांजा तस्करी के 104 प्रकरणों में 7,242.851 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 36 करोड़ 11 लाख 39 हजार 950 रुपये है। इस दौरान 254 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 62 छत्तीसगढ़ और 192 अन्य राज्यों के निवासी हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

