रायगढ़, 26 जून (आरएनएस)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला जेल रायगढ़ में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बंदियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन तथा छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशामुक्त भारत सप्ताह और नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी विरोधी सप्ताह के समापन अवसर पर यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बंदियों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम, उनके सामाजिक और पारिवारिक प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीत-संगीत के जरिए नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित बंदियों ने सराहा।
उप संचालक समाज कल्याण रायगढ़ ने कहा कि नशा व्यक्ति की क्षमता, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला जेल अधीक्षक जी.एस. सोनी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधक सुमंत आचार्य, रंजना यादव, डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी के संगीत प्रशिक्षक कुबेर चरण चौहान सहित जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लिया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

