रायगढ़, 26 जून (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू किया गया ‘सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीणों के लिए भरोसेमंद साथी बनता जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं अब सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंच रही हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम सांगीतराई की दुर्गा सिदार इसका उदाहरण हैं, जिन्हें घर बैठे ही विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
रायगढ़ विकासखंड के ग्राम सांगीतराई निवासी दुर्गा सिदार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अन्य आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रियाओं के लिए विवाह प्रमाण पत्र की जरूरत थी। पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।
दुर्गा सिदार ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुछ ही दिनों में उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। बिना किसी भागदौड़ के समय पर दस्तावेज मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से केवल विवाह प्रमाण पत्र ही नहीं, बल्कि आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भू-अभिलेख, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम, राजस्व और नगरीय प्रशासन सहित कई विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इससे विशेष सुविधा मिल रही है। अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि प्रक्रिया में पारदर्शिता और शासन के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
दुर्गा सिदार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल ग्रामीणों का जीवन आसान बना रही है और डिजिटल सुशासन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

