धमतरी, 27 जून (आरएनएस)। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत गडिय़ापारा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमन मरकाम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर पलटने के दौरान सुमन मरकाम के शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई थीं। विशेष रूप से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस हादसे के बाद गडिय़ापारा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि सुमन मरकाम मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

