रायपुर, 27 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री से आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया और निजी फोटो प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील फोटो पोस्ट कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 295/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, एडिशनल डीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा एवं एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की।
जांच के दौरान आरोपी सोहेब सिद्दीकी (21 वर्ष), निवासी वाल्मीकि अंबेडकर आवास, कबीर नगर, रायपुर की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं रायपुर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, ऑनलाइन धमकी या अश्लील सामग्री से संबंधित शिकायत की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

