बिलासपुर, 27 जून (आरएनएस)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.405 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.25 लाख रुपये कीमत का गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति और दो महिलाएं एक छोटे बच्चे के साथ आसमानी रंग की ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उस्लापुर स्टेशन की ओर जाने वाले हैं। सूचना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने उस्लापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक व्यक्ति, दो महिलाओं और एक बच्चे को ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 11 पैकेटों में कुल 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41), उसकी पत्नी नेहा सिंह (34) तथा जांजगीर-चांपा जिले के चांपा निवासी अर्चना सिंह (27) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.405 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 6.25 लाख रुपये आंकी गई है, के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

