0- 180 पौवा शराब और तीन बाइक जब्त
धमतरी, 27 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन सहित करीब 1.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली और थाना अर्जुनी की टीमों ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पहले मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने विवेक देवांगन (21) को मोटरसाइकिल से 49 पौवा प्लेन सुपर शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब अछोटा स्थित मंगलानी ढाबा में बिक्री के लिए ले जा रहा था। उसके कब्जे से एक सीटी-100 मोटरसाइकिल सहित करीब 28,920 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। दूसरे मामले में पुलिस ने विक्की महार उर्फ विक्की रामटेके (20) को गिरफ्तार किया, जो मामा ढाबा, अछोटा का कर्मचारी बताया गया। वह ढाबे में बिक्री के लिए 31 पौवा देशी शराब, एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी और ओप्पो मोबाइल लेकर जा रहा था। पुलिस ने करीब 52,500 रुपये की संपत्ति जब्त की। तीसरे मामले में थाना अर्जुनी पुलिस ने नगरी रोड पर घेराबंदी कर मंगलानी ढाबा के संचालक सतीश मंगलानी उर्फ विक्की मंगलानी (37) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 100 पौवा देशी प्लेन शराब (18 लीटर) और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 33 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में कुल 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 1,14,420 रुपये है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

