धमतरी, 27 जून (आरएनएस)। 00धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर धमतरी पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और युवाओं को कानून एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम करगा स्थित हाई स्कूल में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर अपराध होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए शराब, गांजा, नशीले पदार्थों और मादक दवाओं के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा डायल-112 आपातकालीन सेवा के उपयोग, पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और विभिन्न आपात स्थितियों में तत्काल मदद लेने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में भी इन जानकारियों को साझा कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।
धमतरी पुलिस ने कहा कि उसका उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, जागरूकता और विश्वास का वातावरण तैयार करना भी है। इसी उद्देश्य से जिले में सामुदायिक पुलिसिंग और जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

