रायपुर, 27 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब प्रशासन की टीम एक दर्जन से अधिक मकानों को हटाने की कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने गांव के बाहर ही पुलिस और प्रशासनिक अमले को रोक दिया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने संबंधित परिवारों को 48 घंटे के भीतर मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ कार्रवाई के लिए गांव पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए गांव को खाली कराना चाहती है। उनका कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर भूमाफियाओं और रसूखदार लोगों की नजर है और उन्हें बेघर करने की साजिश रची जा रही है। ग्रामीणों ने बिना उचित पुनर्वास और मुआवजे के गांव खाली कराने की कार्रवाई का विरोध किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी जिला प्रशासन ने सैकड़ों परिवारों को बेदखल करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन उस समय हुए विरोध प्रदर्शन के बाद कार्रवाई रोक दी गई थी। अब एक बार फिर गांव खाली कराने की तैयारी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

