०कलेक्ट्रेट में एक ही छत के नीचे बन रहे सभी शासकीय दस्तावेज
०आधार और वोटर आईडी पाकर नागेश और अजय ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
सुकमा,28 जून (आरएनएस)। जिला कार्यालय सुकमा में संचालित ‘एकल कक्ष (सिंगल विंडो सिस्टम) आज दूरस्थ अंचलों से आने वाले आम नागरिकों के लिए एक बड़ा वरदान साबित हो रहा है। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में काम कर रही इस व्यवस्था ने सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। अब ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय दस्तावेजों और प्रमाण-पत्रों के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है, बल्कि एक ही छत के नीचे उनकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान हो रहा है।प्रशासन की इस मुस्तैदी का सबसे सुखद उदाहरण पुनर्वास केंद्र के हितग्राही माड़वी नागेश और माड़वी हांदा के मामले में देखने को मिला। इन दोनों ग्रामीणों ने आधार पंजीयन के लिए आवेदन किया था, जिसका महज 24 घंटे के भीतर निपटारा करते हुए नया कार्ड जनरेट कर दिया गया। इसी तरह ग्राम रोकेल निवासी कनवल राम को उनका नया वोटर आईडी कार्ड और कुम्हाररास के अजय कुमार को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की पावती मौके पर ही मिल गई। डिप्टी कलेक्टर शबाब खान ने हितग्राहियों को ये जरूरी दस्तावेज वितरित किया।दस्तावेज पाकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शबाब खान ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों तक बिना किसी देरी के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह एकल कक्ष इसी गतिशीलता का प्रतीक है। वास्तव में, सुकमा प्रशासन की यह संवेदनशील पहल न केवल ग्रामीणों का समय और पैसा बचा रही है, बल्कि जनता का लोकतंत्र और सुशासन पर भरोसा भी मजबूत कर रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

