रांची से हज फ्लाइट शुरू कराने की मांग फिर दोहराई, इमामों, उलेमा और सामाजिक संगठनों से जागरूकता अभियान चलाने की अपील
रांची : झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने हज-2027 (1448 हिजरी) के लिए इच्छुक हाजी यात्रियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने राज्य के सभी मुस्लिम भाई-बहनों से अपील की कि जो भी आर्थिक एवं शारीरिक रूप से सक्षम हैं और वर्ष 2027 में पवित्र हज यात्रा पर जाना चाहते हैं, वे 20 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य भर दें। मंत्री ने बताया कि हज आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया जा सकता है। इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट अथवा हज सुविधा ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर आवेदन करना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रहे। हफीजुल हसन ने राज्य के सभी इमामों, खतीबों, उलेमा और सामाजिक संगठनों से अनुरोध किया कि वे जुमे के खुतबे, धार्मिक सभाओं और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक हज आवेदन की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ाने में समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण फर्ज है, जिसे हर वह मुसलमान अदा करे जो आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम हो। उन्होंने लोगों से समय पर आवेदन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने एक बार फिर रांची से सीधे हज उड़ान शुरू कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष यह मांग रखी थी और इस वर्ष भी लगातार प्रयास करेंगे कि झारखंड के हज यात्रियों को रांची से ही सीधे हज फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे राज्य के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

