रांची 28 जून (आरएनएस) हेल्थ पॉइंट हॉस्पिटल, रांची द्वारा रविवार को “रन टू रिकवरी: दर्द से दौड़ तक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य घुटना प्रत्यारोपण, कूल्हा प्रत्यारोपण, एसीएल सहित विभिन्न ऑर्थोपेडिक सर्जरी के बाद स्वस्थ हुए मरीजों के अनुभव साझा कर लोगों को हड्डी एवं जोड़ संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। यह आयोजन अस्पताल की वार्षिक पहल एचपीएल (हेल्थ पॉइंट प्रीमियम लीग) के तहत किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के डायरेक्टर एवं ऑर्थोपेडिक एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. अनूप मोहन नायर ने कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और नियमित फिजियोथेरेपी की मदद से जटिल सर्जरी के बाद भी मरीज सामान्य और सक्रिय जीवन जी सकते हैं। उन्होंने लोगों से लंबे समय तक दर्द को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।
इस दौरान कई मरीजों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्षों तक जोड़ों के दर्द से परेशान रहने और सर्जरी से डरने के बावजूद सफल ऑपरेशन के बाद अब वे बिना दर्द के सामान्य जीवन जी रहे हैं। कार्यक्रम में मरीजों और डॉक्टरों के बीच फुटबॉल किक, रनिंग, जंपिंग, सीट-अप एवं सिट-डाउन जैसी गतिविधियों और प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में अस्पताल प्रबंधन ने स्वस्थ हुए मरीजों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन मरीजों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को समय पर इलाज और पुनर्वास के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

