लखनऊ, 28 जून (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई आम आदमी छात्र विंग (एएसएपी) उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक बैठक रविवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं छात्र विंग के उत्तर प्रदेश प्रभारी वंशराज दुबे ने की। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और छात्र नेताओं ने भाग लिया। बैठक में छात्रों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए वंशराज दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश का छात्र और युवा वर्ग गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि एएसएपी प्रदेशभर में छात्रों के अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर संगठित एवं निर्णायक संघर्ष करेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है। वर्षों की मेहनत करने वाले लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, जिसमें वह विफल रही है।वंशराज दुबे ने छात्रवृत्ति वितरण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि गरीब, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों छात्र समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और कई विद्यार्थियों को पढ़ाई बीच में छोडऩी पड़ रही है।उन्होंने निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों में बढ़ रही फीस का मुद्दा उठाते हुए सरकार से मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने तथा ऐसी व्यवस्था लागू करने की मांग की, जिससे आर्थिक स्थिति किसी भी छात्र की शिक्षा में बाधा न बने।रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लाखों योग्य युवा डिग्रियां लेने के बावजूद रोजगार के लिए भटक रहे हैं। सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने में असफल रही है और रोजगार सृजन उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी छात्र विंग प्रदेश के प्रत्येक कॉलेज, विश्वविद्यालय और जिले में संगठन का विस्तार करेगी तथा छात्रों के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी। आवश्यकता पडऩे पर चरणबद्ध आंदोलन भी किया जाएगा।बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही एएसएपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। संगठन छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा।बैठक में अरुण वर्मा, अनीत रावत, अंशुल यादव, कुलदीप यादव, रघुकुल यथार्थ, आशीष कुमार, अंकुश उपाध्याय, राकेश यादव, आशीष मौर्य, निलेश चतुर्वेदी, आकाश सिंह, मो. जाबिर रजा सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

