प्रयागराज/लखनऊ, 28 जून (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर नौकरियों, आरक्षण, भर्ती परीक्षाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान के अनुरूप आरक्षित वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान नहीं दे रही तथा भर्ती प्रक्रियाओं में व्यापक अनियमितताएं हो रही हैं।रविवार को प्रयागराज में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनी ‘पीडीए ऑडिट अंक-1 : पीडीए आरक्षण घोटाला बुकलेटÓ के माध्यम से 22 भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण की कथित अनियमितताओं का विवरण सार्वजनिक किया था, लेकिन सरकार ने अब तक उसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को निर्धारित आरक्षण का लाभ नहीं मिला।उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। सरकार भर्ती परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास कमजोर हुआ है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पेपर लीक अथवा अन्य कारणों से आयु सीमा पार कर चुके युवाओं को तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा में छूट दी जाएगी। सभी विभागों की भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा तथा विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक की समय-सीमा पहले से निर्धारित रहेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा और पेपर लीक के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता रामधन का हिसाब मांग रही है।लखनऊ के कोचिंग संस्थान में हुई अग्निकांड की घटना पर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो इतनी बड़ी जनहानि नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महिलाओं के विरुद्ध अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना और तहसील स्तर तक भ्रष्टाचार व्याप्त है तथा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों के आधार पर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका दावा था कि पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के साथ है और इंडिया गठबंधन पहले से अधिक मजबूत होकर आगे बढ़ेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

