लखनऊ 28 जून (आरएनएस )। बक्शी का तालाब (बीकेटी) थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का अवैध बैनामा कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।पुलिस के अनुसार इस मामले में 21 मार्च 2026 को बाराबंकी जनपद के रामसनेही घाट क्षेत्र निवासी प्रेम कुमार श्रीवास्तव ने थाना बीकेटी में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके स्वर्गीय बाबा के नाम दर्ज भूमि का फर्जी पहचान और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से बैनामा करा दिया गया। इस संबंध में थाना बीकेटी में मुकदमा अपराध संख्या 109/2026 भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना बीकेटी पुलिस ने रविवार को ग्राम खेसरावा, थाना इटौंजा क्षेत्र में सड़क किनारे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज पुत्र स्वर्गीय सत्यनारायण विश्वकर्मा (36 वर्ष) और राजेश पुत्र बाबूलाल (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खेसरावा, थाना इटौंजा, लखनऊ के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी का कार्य करते हैं।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपनी गलती मानी और क्षमा मांगी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक अभिमन्यु शाह तथा कांस्टेबल अंशु कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

