*कार में सवार दंपती के दो बच्चे बाल बाल बचे,
*काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन कर देर रात कार से जा रहे थे कटनी
मीरजापुर 28 जून (आरएनएस)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित लहुरियादह गांव में शनिवार की रात डेढ़ बजे के करीब ट्रक में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में कुल छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र के बरही निवासी विकास ताम्रकार अपने परिजनों व रिश्तेदारों संग कार से शनिवार को वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन करने के लिए गए थे। दर्शन पूजन के बाद देर रात घर लौटते समय जैसे ही ड्रमंडगंज क्षेत्र के लहुरियादह गांव में पहुंचे तो सामने खड़ी ट्रक के चालक द्वारा ट्रक को हाइवे पर खड़ा किया जा रहा था उसी दौरान कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय विकास ताम्रकार व उनकी 31 वर्षीया पत्नी सोनम, कार चालक 23 वर्षीय हीरालाल निवासी छिबिया जिला कटनी,27 वर्षीय हिमांशु ताम्रकार निवासी उचेहरा जिला सतना मध्य प्रदेश,17 वर्षीय सक्षम निवासी नागौद जिला सतना मध्य प्रदेश व 40 वर्षीया राधा पत्नी प्रह्लाद ताम्रकार निवासी नागौद जिला सतना मध्य प्रदेश घायल हो गए। जबकि कार में सवार मृतक दंपती के दोनों पुत्र चार वर्षीय शिवांश व डेढ़ वर्षीय रूद्र बाल बाल बच गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गई जहां चिकित्सक ने देखते ही विकास और उनकी पत्नी सोनम को मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक विकास की बहन राधा की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।कार चालक हीरालाल, हिमांशु ताम्रकार व सक्षम की हालत सामान्य होने पर चिकित्सक ने रविवार सुबह घर जाने की इजाजत दे दी। मृतक कार सवार विकास ताम्रकार के साले हिमांशु ताम्रकार ने बताया कि विकास ताम्रकार नई दुनिया समाचार पत्र में पत्रकार थे। बताया कि जीजा और दीदी के साथ काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद रात में घर लौट रहा था कि रास्ते में हादसा हो गया। हिमांशु ताम्रकार ने बताया कि जिस समय घटना हुई ट्रक चालक हाइवे पर ट्रक को आगे पीछे कर रहा था उसी दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। जिसमें गंभीर रूप से घायल दीदी और जीजा की मौत हो गई।
हादसे मृतक दंपती के दोनों पुत्रों को खरोंच तक नही आई
हादसे में मृतक दंपती के दोनों पुत्रों शिवांश और रूद्र को खरोंच तक नही आई। संयोग था कि घटना में दोनों बाल बाल बच गए। प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार ने बताया कि कार में दो छोटे बच्चों सहित कुल आठ लोग सवार थे जिसमें गंभीर रूप से घायल पति पत्नी की मौत हो गई है।घायल चार लोगों में तीन की हालत सामान्य है जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला का मंडलीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
इनबाक्स में —-
***लहुरियादह व भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में रात भर ट्रकों का लगा रहता है जमावड़ा, नशे से लेकर देह व्यापार का होता है कारोबार**
मीरजापुर। यूपी एमपी बार्डर पर स्थिति यूपी के मीरजापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र का लहुरियादह व भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में रात भर ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है , जहां जमकर नशे से लेकर देह व्यापार का कारोबार होता है। रविवार की देर रात तकरीबन दो बजे खडे ट्रक से भिडंत के बाद दो लोगों की मौत ने एक बार पुन: ग्रामीणों में इस बात की चर्चा को जोर पकडा दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नेशनल हाईवे पर स्थित लहुरियादह गांव और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में डीजल बेचने, गांजा पीने के लिए ट्रक चालक ट्रकों को नेशनल हाईवे किनारे खड़ी कर देते हैं।भैसोड़ बलाय पहाड़ व लहुरियादह गांव में पुलिस की सांठगांठ होने से तेल कटिंग व नशे का कारोबार तेजी से फल फूल रहा है जिससे आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का यहां तक कहना है कि ट्रक चालकों को तेल कटिंग व नशे के कारोबार में लिप्त लोगों द्वारा लड़कियों और महिलाओं को भी मुहैया कराया जाता है। जिससे ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा रात में यूपी एमपी अंतरराज्यीय सीमा का औचक निरीक्षण किया जाए तो हकीकत खुलकर सामने आ जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

