भिलाई, 29 जून (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के तहत दुर्ग पुलिस ने सोमवार को सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के पीछे मैदान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, महिला सेल के अधिकारी, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है और दुर्ग पुलिस भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की।
0

