रायपुर, 29 जून (आरएनएस)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। थाना पंडरी पुलिस की कार्रवाई में चोरी की चार मोटरसाइकिलें तथा एक मोटरसाइकिल के इंजन, चेचिस और अन्य पाट्र्स बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पंडरी पुलिस ने जांच के दौरान एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर उनकी पहचान छिपाता था और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता था।
विवेचना के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके इंजन, चेचिस और अन्य पाट्र्स अलग-अलग बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने आसिफ बेग (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो चोरी के वाहनों को काटकर उनके पाट्र्स बेचने का काम करता था। अपचारी बालक की निशानदेही पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि आरोपी आसिफ बेग के कब्जे से एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 28 ॥ 8076 के इंजन, चेचिस नंबर सहित अन्य पाट्र्स जब्त किए गए। इस प्रकार प्रकरण में कुल पांच बरामदगी की गई है। थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, सुरक्षा लॉक का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन चोरी संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
0

