रायपुर,29 जून (आरएनएस) । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पश्चिमी क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। करीब 130 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वारंटियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। अभियान के दौरान 10 स्थायी वारंट और 6 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जबकि 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह अभियान संदीप पटेल के निर्देशन में चलाया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल, देवांश सिंह राठौर, नवनीत पाटिल सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी और पुलिस बल शामिल रहे।
कार्रवाई से पहले थाना टिकरापारा परिसर में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों, बीएसयूपी कॉलोनियों, आरडीए कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कोटा क्षेत्र से 22 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ और सत्यापन किया गया। वहीं 25 निगरानी बदमाशों, 45 गुंडा बदमाशों और 2 चाकूबाजों की भी जांच की गई। पुलिस ने उनके परिजनों की मौजूदगी में भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस ने डी.डी. नगर, टिकरापारा, पुरानी बस्ती, कबीर नगर, सरस्वती नगर और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

