वीआईपी सूट खुलवाने के विवाद में कार्रवाई, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने का आरोप
सुलतानपुर 29 जून (आरएनएस)। कोतवाली नगर स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) गेस्ट हाउस में कर्मचारी के साथ कथित मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने सपा सांसद राम भुआल निषाद के तीन समर्थकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसपी चारू निगम के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, घटना 27 जून को हुई जब अभियुक्तों ने गेस्ट हाउस के वीआईपी सूट नंबर-01 को खुलवाने के लिए कर्मचारी पर दबाव बनाया। कर्मचारी द्वारा नियमों का हवाला देते हुए सूट खोलने से इनकार करने पर आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट कर राजकीय कार्यों में बाधा पहुंचाई गई। मामले की सूचना मिलने के बाद 28 जून को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता कर्मचारी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। मामले की जांच उप-निरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समन उर्फ अमन निषाद पुत्र दिग्पाल निषाद (निवासी आर.टी.ओ. ऑफिस के पास, सुलतानपुर), आलोक यादव पुत्र मनमोहन यादव (निवासी राघवपुर थाना धनपतगंज, जनपद सुलतानपुर) और दिलशाद अहमद पुत्र अख्तर अली (निवासी धौराहरा थाना कोतवाली नगर, जनपद सुलतानपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक ब्लैक स्कॉर्पियो (यूपी 32 पीटी 9698) और एक स्विफ्ट डिजायर (यूपी 42 एके 8090) भी बरामद की है। अभियुक्तों को पर्यावरण पार्क रोड से गिरफ्तार किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

