जशपुर, 30 जून (आरएनएस)। जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पत्थलगांव क्षेत्र से एक आरोपी को 27 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी और देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की तस्करी में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक ष्टत्र 14 रू 1427) से ग्राम पालीडीह की ओर भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर थाना पत्थलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और देसी मदिरा की कुल 114 बोतलें, जिनमें 27 लीटर 300 मिलीलीटर शराब थी, बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 16,440 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना पत्थलगांव में उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक तथा आरक्षक राजेंद्र रात्रे और विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0

