नई दिल्ली 30 June (Rns) । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आम लोगों तक बेहतर और सरल स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाओं को लॉन्च किया। इनमें आयुष्मान भारत के लिए आयुष्मान सारथी नामक चैटबॉट, राष्ट्रीय एम्बुलेंस सर्विस गाइडलाइंस, 2030 तक मातृ व नवजात के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करने लिए सुमन रोडमैप व समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कल्याण और एनिमिया मुक्त भारत अभियान प्रमुख हैं।
इन योजनाओं को लॉन्च करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि 2047 में विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ्य भारत का निर्माण अहम कड़ी है। आयुष्मान सारथी नामक व्हाट्सएप चैटबाट, स्वास्थ्य भारत के लाभार्थियों को सरकारी दफ्तरों में जाए बिना या हेल्पलाइन पर काल किए बिना प्रमुख सेवाओं तक चौबीसों घंटे पहुंच प्रदान करेगा। यह व्हाट्सएप के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना की सेवाओं तक सुरक्षित और रीयल-टाइम पहुंच प्रदान करता है।

